Saturday, July 12, 2014

गुरु

असली गुरु दक्षिणा क्या है ???
==============
सनातन धर्म की परम्परा है ---- गुरु दक्षिणा, जिसमें शिष्य गुरु का उपकार मानते हुए गुरु को स्वर्णमुद्रा, रौप्यमुद्रा (रुपया पैसा), अन्न-वस्त्र और पत्र-पुष्प अर्पित करता है|

पर यह असली गुरु दक्षिणा नहीं है| ये तो सांसारिक वस्तुएं हैं जो यहीं रह जाती हैं| हालाँकि इस से शिष्य को अनेक लाभ मिलते हैं पर स्थायी लाभ कुछ नहीं मिलता|
अध्यात्मिक परिप्रेक्ष्य में वास्तविक गुरु-दक्षिणा कुछ और है जिसे वही समझ सकता है जिसका अध्यात्म में तनिक प्रवेश है|

आपकी सूक्ष्म देह में आपके मस्तक के शीर्ष पर जो सहस्त्रार है, जहां सहस्त्र पंखुड़ियों वाला कमल पुष्प है, वह आपकी गुरु-सत्ता है| वह गुरु का स्थान है|
उस सहस्त्र दल कमल पर निरंतर गुरु का ध्यान ही असली गुरु-दक्षिणा है|

गुरु-चरणों में मस्तक एक बार झुक गया तो वह कभी उठना नहीं चाहिए| वह सदा झुका ही रहे| यही मस्तक यानि शीश का दान है| इससे आपके तन, मन, धन और सर्वस्व पर गुरु का अधिकार हो जाता है| तब जो कुछ भी आप करोगे उसमें गुरु आपके साथ सदैव रहते हैं| यही है गुरु चरणों में सम्पूर्ण समर्पण|

तब आपके अच्छे-बुरे सब कर्म भी गुरु चरणों में अर्पित हो जाते हैं| आप पर कोई संचित कर्म अवशिष्ट नहीं रहता| तब गुरु ही आपकी आध्यात्मिक साधना के कर्ता हो जाते हैं|
साधना का सार भी यही है की गुरु को कर्ता बनाओ| दृष्टा, दृश्य और दृष्टी सब कुछ आपके गुरु महाराज ही हैं| आप की उपस्थिति तो वैसे ही है जैसे एक यज्ञ में यजमान की उपस्थिति| आप को तो सिर्फ समभाव में अधिष्ठित होना है|

अपने गुरु को सहत्रार में सहस्त्रदल कमल पर प्रतिष्ठित कर लो| वे ही आपके कूटस्थ में आसीन होकर समस्त साधना और लोक कार्य करेगे| वे ही फिर आपको सच्चिदानंद से एकाकार कर देंगे|
यही है सच्ची असली गुरु-दक्षिणा|

No comments:

Post a Comment