Sunday, June 21, 2026

प्रचलित गौत्र, शाखा व सूत्र का वर्णन

 🌼 प्रचलित गौत्र, शाखा व सूत्र का वर्णन 🌼

✍️ प्रस्तुत: संकल्प रामराज्य सेवा ट्रस्ट 

-----------------------


▪️ब्राह्मण समाज का हर व्यक्ति किसी न किसी गौत्र, शाखा सूत्र, गुण, पक्ष से सम्बन्धित है अतः इन पर विचार करना भी जरूरी है।


《 गौत्र:---> किसी वंश के व्यक्ति की वंश परम्परा जहां से प्रारम्भ होती है, उस वंश का गौत्र उसी के नाम से प्रचलित हो जाता है, यह तो सभी जानते हैं कि ब्राह्मण व्यक्ति किसी न किसी ऋषि की सन्तान है इस प्रकार जो समाज जिस ऋषि से प्रारम्भ हुआ, वह उस ऋषि के गौत्र का वंशज कहा गया है। जैसे मुनि वशिष्ठ से जो वंशावली चली, उसे ही वे अपना गौत्र वशिष्ठ कहते हैं।


गौत्रों की उत्पत्ति सर्वप्रथम ब्राह्मण वर्ग में हुई। जब ब्राह्मण वर्ग का विस्तार हुआ, तो अपनी पहचान बनाने के लिये उन्होने अपने आदि पुरुष के नाम पर गौत्र बना दिये। इन गौत्रों के भूल ऋषि-अंगिरा, भृगु. अत्रि, कश्यप, वशिष्ठ, आगस्त्य तथा कौशिक हुये।


《 गण --->  जिन ऋषि परिवारों को विवाह के सन्दर्भ में एक इकाई मान लिया गया है, जिसमें वे विवाह नहीं कर सकते, वे सब एक गण माने जाते थे, एक गण का व्यक्ति दूसरे गण में ही विवाह करेगा। गण से पक्ष तथा पक्ष से शाखायें बनाई गई।


《 प्रवर --->  प्रवर का अर्थ-"श्रेष्ठ" है। गौत्रकारों के पूर्वज व महान ऋषियों को प्रवर कहते हैं। पुराणों और स्मृतियों के अनुसार तथा डॉ. राजबली पाण्डेय का कथन है कि "प्रवर शब्द उतना पुराना नहीं है, जितना गौत्र" जैसे असित देवण आदि कश्यप ऋषि के वंशज भी हैं और कश्यप गौत्र के प्रवर भी हैं। इस प्रकार गौत्र प्रवर्तक भूल ऋषि के बाद में होने वाले व्यक्तियों में जो महान हो गये, वे उस गौत्र के 'प्रवर' कहे जाते हैं।


《 वेद --->  वेदों की रचनाएं ऋषियों के अन्तःकरण से उत्पन्न हुई, वेदों की उत्पत्ति के समय लेखन कला का आविष्कार नहीं हुआ था, इसलिये वेद मंत्रों को सुनकर पढ़ा या याद किया जाता था। चूंकि चारों वेदों को कोई भी एक ऋषि कण्ठस्थ याद नहीं रख सकता था। इसलिये गौत्राकार ऋषियों ने जिस छन्द का अध्ययन, अध्यापन, प्रचार प्रसार तथा प्रकाशन किया उसकी रक्षा का भार उस गौत्र पर पड़ा। इसके बाद इसकी रक्षा का भार, उसकी सन्तान पर ही रहता है। अतः वेद के नामको जानना प्रत्येक ब्राह्मण के लिये जरूरी है।


《 उपवेद ---> जीविका निर्वाह की प्रणाली गौत्राकार ऋषियों ने अपनाई थी ऐसी प्रणालियां विभिन्न उपवेदों द्वारा सहायक सिद्ध हुई। प्रत्येक वेद का एक उपवेद भी होता है जैसे ऋग्वेद का उपवेद-आयुर्वेद, यजुर्वेद का धनुर्वेद, सामवेद का गान्धर्व वेद तथा अथर्ववेद का स्थापत्य वेद है।


《 शाखा ---> जब गौत्र विशेष के ऋषियों ने प्रत्येक गौत्र के लिये किसी एक वेद के अध्ययन की परम्परा डाली, और जब किसी एक गौत्र का व्यक्ति उस गौत्र के लिए निर्धारित 'वेद' का पूर्णरूपेण अध्ययन करने में असमर्थ हो गया तो ऋषियों ने वैदिक परम्परा को जीवित रखने के लिये शाखाओं का निर्माण किया, इस प्रकार प्रत्येक गौत्र के लिए अपने वेद की किसी शाखा का पूर्ण अध्ययन जरूरी कर दिया।


《 सूत्र ---> जब वेद की किसी एक शाखा का अध्ययन करना गौत्रानुयायियों के लिये कठिन हो गया तो परवर्ती ऋषियों ने शाखाओं को सूक्ष्म, सूत्र रूप में परिणित कर दिया, इस प्रकार प्रत्येक गौत्रावलम्बी को अपने सूत्र की जानकारी परमावश्यक है।


《 शीखा ---> प्रत्येक ब्राह्मण को अपने गौत्र के अनुसार अपनी पहचान बनाये रखने के लिये चोटी बांधने की परम्परा डाली गई। किसी के गौत्र में दायें से तो किसी के बायें से गांठ लगाई जाती थी।


《 पाद ---> पाद भी अपनी वंश की पहचान बनाये रखने की एक परम्परा है। कोई गौत्र वाले पहले अपना दाहिना पांव धोते हैं, तो कोई गौत्र वाले अपना बायां पांव पहले धोते हैं।


《 देवता ---> प्रत्येक वेद या शाखा का पठन-पाठन करने वाले किसी शखा देवता की आराधना करते हैं वही उनका कुल देवता है।


《 मूल स्थान ---> गौत्रकारों ने जिस मूल स्थान पर रहकर अपना वंश चलाया, वही उनका आदि स्थान या शासन कहलाया और इसी पर उनके गौत्र की पहचान बनी।


《 दिशा या द्वार --->  यज्ञ के मण्डप में व्यक्ति जिस दिशा में बैठता हैं, वही उस गौत्र वाले की दिशा या द्वार होता है। इससे भी गौत्र की पहचान बनी।

No comments:

Post a Comment